अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
किशनी। बाइक एजेंसी पर काम करने जा रहे बाइक मिस्त्री को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन का पहिया उसके ऊपर से निकल गया।

बाइक एजेंसी पर काम करने जा रहे बाइक मिस्त्री को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने एंबुलेंस बुलाई और उसे अस्पताल भिजवाया जहां से उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सैफई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार को ग्वालियर-बरेली हाईवे पर किशनी के ग्राम नगला काशी निवासी 24 वर्षीय श्याम शंखवार पुत्र अंगद सिंह शहर की बाइक एजेंसी पर ड्यूटी करने जा रहा था। सुबह 10 बजे के करीब वह बाइक लेकर हाईवे पर पहुंचा तभी तहसील के सामने अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
वाहन का टायर उसके पेट के ऊपर से निकल गया। वाहन चालक वाहन लेकर भाग निकला। गंभीर अवस्था में उसे किशनी अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया जहां दोपहर 12 बजे के करीब उसकी मौत हो गई। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और परिवार का भरण-पोषण करता था। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ ने बताया कि इटावा पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया है। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं आयी है। जो भी तहरीर आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


