अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
मछलीशह, जौनपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से 30 वर्षीय संतोष कुमार पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। संतोष के दो बच्चे हैं और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

मछलीशह (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुजानगंज थाना क्षेत्र के बीकेपुर सोनहिता गाँव निवासी संतोष कुमार पाल 30 वर्ष पुत्र स्वर्गीय जगन्नाथ पाल शनिवार तीन बजे मछलीशहर सुजानगंज मार्ग पर स्थित मुस्तफाबाद बाजार में अपनी मोबाइल बनवाने आये थे। वहां पर न बनने कि स्थिति में साँय उसे लेकर मछलीशहर आ रहे थे। अभी वह नगर के निकट नन्दापुर गांव पहुंचे थे कि एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उनको गंभीर चोट लग गई।
मौके पर मौजूद लोगो ने 112 नंबर एंबुलेंस की सहायता से युवक को सी एच सी भिजवाया। जहां इलाज किया गया। किंतु हालत में सुधार नहीं देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां रविवार सुबह ईलाज के दौरान संतोष की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया संतोष के चचेरे भाई राहुल पाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संतोष अभी पाँच वर्ष पहले विवाह हुआ था। संतोष के दो बच्चे है। सन्तोष की पत्नी का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।


