नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति-बेटा घायल
इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर एक बाइक सवार महिला की नीलगाय की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला के पति और बेटे को चोटें आईं लेकिन उनकी हालत सामान्य है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना से गांव में मातम छा गया है।

मेहनौन, संवाददाता। इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार देर शाम नीलगाय की की चपेट में आने से एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला का पति और सात वर्षीय बेटा भी घायल हो गया है। हालांकि पति व बेटे की हालत सामान्य है, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि खरगूपुर थाना क्षेत्र के खरगूपुर इमिलिया गांव निवासी रामतेज वर्मा अपनी पत्नी ममता (28) और बेटे कार्तिक (7) वर्ष के साथ गोंडा में पत्नी का उपचार कराकर घर वापस लौट रहे थे। बाइक रामतेज चला रहे थे। इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर बेंदुली गांव के पास वह पहुंचे ही थे कि अचानक झाड़ियों से निकली एक नीलगाय से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे । ममता के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने ममता को मृत घोषित कर दिया। रामतेज वर्मा और बेटे कार्तिक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष इटियाथोक कमलापति त्रिपाठी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
दो बेटों के सिर से उठा मां का साया, परिजन बेहाल
ममता अपने पीछे 9 वर्षीय बेटा लकी और 7 वर्षीय कार्तिक को छोड़ गई हैं। घर की इकलौती महिला के चले जाने से पूरा परिवार टूट गया है। ग्रामीणों ने मार्ग पर जंगली जानवरों के बढ़ते आवागमन पर रोक लगाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। घटना के बाद से ही गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन रो - रोकर बेहाल हैं.
सांड से टकराई बाइक, सवार घायल
मसकनवा - गौराचौकी मुख्य मार्ग पर सांड और बाइक की भिड़ंत में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य है.
बताया जाता है कि गुरूवार की रात रमेश कुमार चौहान पुत्र भोला प्रसाद चौहान ग्राम नौड़ीहवहा गौराचौकी की ओर से अपने घर जा रहे थे। मसकनवा - गौराचौकी मार्ग पर पूरे पाण्डेय के पास अचानक सांड से टकरा गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकी प्रभारी मसकनवा सुरेश यादव ने बताया कि घायल को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार चल रहा है। घायल की हालत सामान्य है.


