दवा लेने जा रहे दो भाइयों को हाईवे पर वाहन ने रौंदा, एक की मौत
तिलहर में बाइक सवार दो भाइयों को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। छोटे भाई विजय शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़े भाई अजय गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
तिलहर। पेट दर्द की दवा लेने जा रहे बाइक सवार दो भाइयों को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। अमनपुर गौटिया निवासी विजय शर्मा को गुरुवार देर रात अचानक तेज पेट दर्द उठा। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से दवा लेने के बाद वह घर लौट आए। कुछ समय बाद तड़के करीब तीन बजे फिर दर्द बढ़ने पर बड़े भाई अजय शर्मा उन्हें बाइक से दोबारा सीएचसी लेकर जा रहे थे।
तिलहर गैस एजेंसी के सामने हाईवे पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विजय शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजय शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अजय को पहले सीएचसी भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने विजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


