मध्यप्रदेश में डंपर और पिकअप में टक्कर, आठ की मौत
मध्य प्रदेश के भिंड में एनएच-719 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार पिकअप और डंपर की टक्कर से 8 मजदूरों की मौत हो गई। सभी मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई कर लौट रहे थे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख की आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है।

दर्दनाक - भिंड के छीमका गांव के पास एनएच-719 पर सोमवार देर रात हुआ हादसा
- सड़क पर बैठे छुट्टा पशुओं को बचाने के प्रयास में डंपर से टकराई पिकअप
- ग्वालियर में धान की रोपाई कर लौट रहे थे खीरी और शाहजहांपुर के श्रमिक
हादसे का विवरण
लखीमपुर, वरिष्ठ संवाददाता। मध्य प्रदेश के भिंड में नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार की आधी रात मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप को सामने से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 मजदूर घायल हो गए। मृतकों में सात मजदूर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी और पसगवां क्षेत्र के गांवों के निवासी थे, जबकि एक शाहजहांपुर का रहने वाला था।
मजदूरों की पहचान
पिकअप सवार मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए गए थे। काम पूरा होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, भिंड के गोहद में छीमका गांव के पास एनएच-719 पर गोवंश बैठे थे। अचानक उनके सामने आने पर उन्हें बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने पिकअप मोड़ी और सामने से आ रहे डंपर से टकरा गया। घटना में पिकअप के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
सरकारी प्रतिक्रिया
एसएसपी खीरी डॉ, ख्याति गर्ग ने बताया कि मध्य प्रदेश से खीरी के पुलिस कंट्रोल रूम को मिली सूचना के मुताबिक हादसे में 8 मजदूरों की मौत हुई है। इनमें सात खीरी जिले के रहने थे। मृतकों की पहचान मोहम्मदी थाना क्षेत्र के बेला तुरसिया गांव निवासी उपदेश, अमर सिंह, सुखदेव, रजनीश, भूरे लाल, हरना नारायनपुर थाना मोहम्मदी के सुभाष व किशनपुर अजीत थाना पसगवां के गुड्डू के रूप में हुई है। आठवां मृतक शाहजहांपुर जिले के बढ़डुआ थाना पुवायां निवासी मदनलाल पुत्र रामविलास है।
मुख्यमंत्री की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भिंड में हुए हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि मध्य प्रदेश के भिंड में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक और मन को व्यथित करने वाली है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाकर परिजनों को सौंपने एवं घायलों के समुचित इलाज कराने के लिए निर्देशित किया है। दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
------------------
फोटो : 18LKP01- सुखदेव
फोटो : 18LKP02- अमर सिंह
फोटो : 18LKP03- रजनीश
फोटो : 18LKP04- उपदेश
फोटो : 18LKP05- गुड्ड
फोटो : 18LKP06- भूरे
फोटो : 18LKP07- सुभाष
फोटो : 18LKP10- मध्य प्रदेश के भिंड में सोमवार की रात नेशनल हाईवे-719 पर ट्रक से टकराने के बाद पिकअप के परखच्चे उड़ गए।


