हाईवे किनारे चाय की चुस्की ले रहे दो बुजुर्गों को डीसीएम ने कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर
लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें चाय पी रहे दो बुजुर्गों को तेज रफ्तार एक अज्ञात डीसीएम ने टक्कर मार दी। एक बुजुर्ग हरिशंकर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
निगोहां,(लखनऊ), संवाददाता। लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर मंगलवार सुबह उस वक्त एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब सड़क किनारे चाय की चुस्कियां ले रहे दो बुजुर्गों को एक तेज रफ्तार अज्ञात डीसीएम ने बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एम्बुलेंस से सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब फरार वाहन की तलाश में जुट गई है। घटना निगोहां के लालपुर गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 6:25 बजे की है।
लालपुर निवासी हरिशंकर (67) और अयोध्या प्रसाद (70) सड़क किनारे बने एक होटल पर आराम से चाय पी रहे थे, तभी लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात डीसीएम ने अनियंत्रित होकर दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बुजुर्ग सड़क पर जा गिरे। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हरिशंकर को मृत घोषित कर दिया, वहीं अयोध्या प्रसाद का इलाज फिलहाल जारी है।थानाध्यक्ष निगोहां रवींद्र कुमार ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार डीसीएम और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन का सुराग लगाने के लिए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। मृतक हरिशंकर अपने पीछे पत्नी सुशीला, तीन बेटे राजेंद्र, जितेंद्र और महेंद्र तथा दो विवाहित बेटियां आशा और उषा को छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


