तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत
कानपुर-झांसी हाईवे पर महाराज ढाबा के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया और शव को हटाकर यातायात सुचारू किया।

एट। कानपुर-झांसी हाईवे पर बुधवार दोपहर महाराज ढाबा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की कतार लगने से लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सड़क पर पड़े शव को तत्काल हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। कालपी के सदर बाजार निवासी अर्पित सोनी 32 वर्ष पुत्र रामशरण सोनी किसी काम से बाइक से कालपी से झांसी की ओर जा रहा था।
जैसे ही वह कानपुर-झांसी हाईवे पर एट थाना क्षेत्र में महाराज ढाबा के पास पहुंचे, इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अर्पित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पिरौना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान अर्पित सोनी के रूप में कर परिजनों को सूचना दी।हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सड़क से शव को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। चौकी इंचार्ज पिरौना बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

