पत्थर के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत, एक गंभीर
श्रावस्ती के भिनगा में एक निर्माणाधीन मकान में पत्थर उतरते समय गिरने से दो मजदूर दब गए। एक मजदूर पन्नालाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायल का इलाज किया जा रहा है।

श्रावस्ती,संवाददाता। श्रावस्ती के भिनगा में निर्माणाधीन मकान में लगाने के लिए आया पत्थर उतरते समय शुक्रवार को पत्थर गिरने से दो मजदूर दब गये। इस दौरान एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। भिनगा स्थित आईटीआई के पीछे नवीन चतुर्वेदी अपना मकान बनवा रहे है। इसमें लगवाने के लिए उन्होंने पत्थर मंगाया था। शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम राजगढ़वा निवासी पन्नालाल (42) पुत्र नेवल प्रसाद क्षेत्र के ही चितईपुर निवासी राकेश कुमार वर्मा(40) पुत्र सीताराम वर्मा सहित एक अन्य मजदूर के साथ मिलकर पत्थर उतार रहा था।
इसी बीच अचानक पत्थर गिरने से दोनों उसके नीचे दब गये। घटना में पन्नालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।दोनों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। यहां चिकित्सक ने पन्नालाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश का इलाज किया जा रहा है। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन चौकी प्रभारी विवेक राठौड़ ने शव का पंचनामा भराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। श्रमिक की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।


