दो दोस्तों की मौत के मामले में कंटेनर चालक पर मुकदमा
रुस्तम नगर में एक सड़क दुर्घटना में अजब सिंह और नेम सिंह की मौत हो गई। दोनों युवक शादी समारोह से लौटते समय एक कंटेनर की चपेट में आ गए। कंटेनर चालक मौके से भाग गया। घटना की सूचना पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एक मुकदमा दर्ज किया गया है।

रुस्तम नगर सहसपुर में गुरुवार रात सड़क दुर्घटना में हुई संभल के दो दोस्तों की मौत के मामले में परिजनों की तहरीर पर अज्ञात कंटेनर चालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिला संभल के थाना कुढ़ फतेहगढ़ के गांव बेहटा खास के रहने वाले ललित पुत्र राजपाल सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया कि उसका भाई अजब सिंह पुत्र राजपाल सिंह अपने गांव के नेम सिंह पुत्र बाबू सिंह के साथ बाइक से बिलारी शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर जा रहे थे। जब वह ग्रीन बुड धर्मशाला के पास पहुंचे तो वहां गांव के अवधेश पुत्र राजवीर निवासी बेहटा खास थाना कुढ़फतेहगढ़ जिला संभल खड़ा मिल गया।
जिसे देखकर तीनों ने बाइक को कच्चे में रोक लिया और आपस में बात कर रहे थे। इसी बीच करीब 9:45 बजे रात्रि में एक कंटेनर का चालक मुरादाबाद की तरफ से तेजी व लापरवाही से चलाते हुए आया और साइड में कच्चे में खड़े बाइक के पास खड़े तीनों लोगों को टक्कर मार दी। जिसमें अजब सिंह व नेम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अवधेश पुत्र राजवीर सिंह को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। कंटेनर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। घटना को पीछे से आ रहे प्रेमपाल सिंह निवासी कुबरी मानक व बेहटा खास के धर्मपाल सिंह ने देखा। तहरीर के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।


