सुपौल : एनएच पर वाहन की ठोकर से बाइक सवार जीजा की मौत, साला गंभीर
प्रतापगंज में एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक रामचंद्र मेहता की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साले राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।

प्रतापगंज, निज प्रतिनिधि। प्रतापगंज थाना क्षेत्र के एनएच हाईवे के बेलही पुल पर शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत मौके पर ही हो गई। उसकी पहचान भपटियाही थाना के पृथ्वीपट्टी वार्ड 3 निवासी रामचंद्र मेहता 55 के रूप में हुई है। जबकि बाइक पर पीछे बैठे उनके साला की पहचान सदानंदपुर वार्ड 4 निवासी राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ठोकर मारने के बाद वाहन फरार हो गया।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार भपटियाही थाना क्षेत्र के रामचंद्र मेहता अपने परिजनों के साथ निजी कार्य से प्रतापगंज थाना क्षेत्र के चिलौनी दक्षिण पंचायत के दीवानगंज आए थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे सभी लोग अलग-अलग दो मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। नीतीश कुमार अपनी पत्नी और पुत्री के साथ एक बाइक से आगे निकल गए, जबकि रामचंद्र मेहता अपने साले राजेंद्र मेहता के साथ दूसरी बाइक से पीछे से आ रहे थे। इसी दौरान बेलही पुल पर पीछे से तेजी से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामचंद्र मेहता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा मृतक का साला राजेंद्र मेहता गंभीर रूप में जख्मी हो गया। उसे ग्रामीणों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के पुत्र जीवछ कुमार सहित अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, घटना को लेकर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से एक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि घटना में एक अन्य घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


