चित्रकूट में दीवार गिरने से दो बच्चों समेत पिता की मौत, मां-बेटी गंभीर रूप से घायल
चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र में बराछ गांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। इस घटना में 32 वर्षीय कल्लू यादव, उसके 5 वर्षीय बेटे अंश और 1 वर्षीय बेटी कल्ली की दबकर मौत हो गई। पत्नी कुंती देवी और 4 वर्षीय बेटी अंशिका घायल हैं।
चित्रकूट, संवाददाता। भरतकूप थाना क्षेत्र के बराछ गांव में बुधवार की रात कच्चे मकान की दीवार गिरने से अंदर सो रहे दो बच्चों व पिता की दबकर मौत हो गई। जबकि मासूम बेटी समेत मां गंभीर रुप से घायल हो गई। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी व थाना प्रभारी भरतकूप मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनो शव पोस्टमार्टम हाउस भेजवाया है।पिछले एक सप्ताह से रोजाना मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के चलते रोजाना कच्चे मकान भरभराकर गिर रहे है। बराछ निवासी 32 वर्षीय कल्लू यादव गांव के ही किनारे पहाड़ के नीचे कच्चा मकान बनवाकर परिवार समेत रह रहे थे।
बुधवार की देर शाम खाना खाने के बाद पूरा परिवार अंदर कमरे में सो रहा था। अचानक रात में मूसलाधार बारिश के दौरान मकान की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। जिसमें कल्लू के अलावा 30 वर्षीया पत्नी कुंता देवी, पांच वर्षीया बेटा अंश, एक वर्षीया मासूम बेटी कल्ली व चार वर्षीया बेटी अंशिका दीवार के मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर अचानक ग्रामीणों की नींद खुली और दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालना शुरु किया। काफी प्रयास के बाद सभी को मलबे से निकालकर एंबुलेंस की मदद से सीएचसी शिवरामपुर पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद कल्लू, उसके बेटे अंश व बेटी कल्ली को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल पत्नी कुंती देवी व बेटी अंशिका का इलाज किया गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीएम अजय कुमार यादव, सीओ सिटी सत्येंद्र सिंह व प्रभारी निरीक्षक भरतकूप विनोद राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनो शव पोस्टमार्टम हाउस भेजवाया। अधिकारियों ने परिजनों से दुख व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।


