स्कूटी पलटी, आंगनबाड़ी सहायिका की मौत, बेटा-बहन घायल
आजमगढ़ के सेमा गांव के पास दुर्घटना में आंगनबाड़ी सहायिका गुड़िया की मौत हो गई जबकि उसका बेटा अयांश और बहन आरजू घायल हो गए। गुड़िया अपने बेटे को स्कूल से घर लाने के दौरान स्कूटी पर थी, जब एक कुत्ता सामने आ गया और दुर्घटना हो गई। गुड़िया को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

आजमगढ़, संवाददाता। जहानागंज थाना क्षेत्र के सेमा गांव के पास मंगलवार की शाम हुई दुर्घटना में स्कूटी सवार आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और बहन घायल हो गए। दुर्घटना के ममय वह अपने बेटे को लेकर विद्यालय से घर लौट रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मेंहनगर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव निवासी 35 वर्षीय गुड़िया पत्नी पिंटू कुमार गांव में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर तैनात थी। उसका बेटा 12 वर्षीय अयांश जवाहर नवोदय विद्यालय जीयनपुर में कक्षा छह का छात्र है। अयांश इन दिनों बीमार है।
मंगलवार को उसके विद्यालय से तबियत ठीक न होने को लेकर फोन आया था। जिसके बाद आंगनबाड़ी सहायिका अपनी बहन 30 वर्षीय आरजू पत्नी गौतम निवासी सिंहपुर थाना मेंहनगर के साथ बेटे के स्कूल पहुंची। तीनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। गुड़िया अपनी बहन को छोड़ने उसके घर जा रही थी। जहानागंज थाना क्षेत्र के सेमा गांव में लगंड़ा बाबा स्थान के पास स्कूटी के सामने अचानक कुत्ता आ गया। जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें जहानागंज के कोल्हूखोर सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने गुड़िया की हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया। उसके बेटे और बहन को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। गुड़िया को लेकर लोग मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसके तीन पुत्र हैं। घटना के बाद से परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं।

