किरठल के गेटकीपर ने युवक को ट्रेन की चपेट में आने से बचाने को दे दी जान
बागपत के किरठल गांव के निवासी गेटकीपर राहुल ने तंजावुर जिले में एक युवक को ट्रेन से बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवा दी। हादसे में युवक की भी मौत हुई। राहुल की शादी आठ महीने पहले हुई थी और परिवार इस दुखद घटना से आहत है। परिजन शव लाने के लिए तमिलनाडु रवाना हो गए।

बागपत। तमिलनाडु के तंजावुर जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। गोपुरराजपुरम रेलवे फाटक पर ड्यूटी पर तैनात किरठल थाना रमाला जिला बागपत निवासी रेलवे के गेटकीपर की एक युवक को ट्रेन की चपेट में आने से बचाने के प्रयास में मौत हो गई। इस घटना में जिस युवक को बचाने की कोशिश गेटकीपर ने की थी, हादसे में उसकी भी मौत हो गई। गेटकीपर की मौत होने की जानकारी जैसे ही परिजनों मिली, तो उनमें कोहराम मच गया। परिजन शव लाने के लिए तमिलनाडु रवाना हो गए है। किरठल गांव निवासी राहुल तमिलनाडु के पापनासम के पास गोपुरराजपुरम रेलवे फाटक पर गेटकीपर के पद पर कार्यरत थे।
गुरुवार की रात करीब 11:45 बजे उन्होंने एक युवक को रेलवे ट्रैक की ओर जाते देखा। ट्रेन को आता देख राहुल उसे बचाने के लिए दौड़े और ट्रैक से हटाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे दोनों की मौत हो गई। परिजनों को जैसे ही घटना का पता चला, तो उनमें कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि राहुल की शादी करीब आठ माह पहले जौहड़ी गांव निवासी पूजा से हुई थी। वह भाजपा नेता निशांत के चचेरे भाई थे। इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद से पत्नी पूजा, भाई मनीष सहित परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं। वहीं, दूसरी ओर गमजदा परिजन राहुल का शव गांव लाने के लिए तमिलनाडु रवाना हो गए है।


