सड़क हादसे में घोघा के कांवरिया चाचा-भतीजा की मौत
बासुकीनाथ जाने के दौरान सड़क हादसे में घोघा के कांवरिया चाचा-भतीजे की मौत पिकअप वैन

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। देवघर में बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण करने के बाद बासुकीनाथ जा रहे घोघा थाना क्षेत्र की कोदवार पंचायत अंतर्गत उदयरामपुर गांव निवासी श्रद्धालुओं से भरे सीएनजी ऑटो में गुरुवार को दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के नरगंजो गांव के समीप अनियंत्रित पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार चाचा-भतीजा की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान उदयरामपुर गांव निवासी नाटू महलदार (45 वर्ष) और उनका भतीजा पंकज कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में नाटू महलदार की पत्नी गीता देवी, पंकज कुमार की मां प्रमिला देवी तथा नाटू के पुत्र नीतीश कुमार और अजय कुमार घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में कराया गया। कोदवार पंचायत की मुखिया सीमा देवी ने बताया कि प्रमिला देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया।शुक्रवार देर शाम दोनों मृतकों के शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शवों से लिपटकर विलाप करने लगे। बाद में घोघा श्मशान घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार के चाचा-भतीजा की एक साथ मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पंकज कुमार दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। बताया गया कि परिवार मछली व्यवसायी था। परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

