हाईवे पर झपकी लगने से स्कूटी डिवाइडर से टकराई, मां-बेटी की मौत

हिन्दुस्तान, रामपुर
Follow us on Google News
share

लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुए एक हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों बरेली की रहने वाली थीं और हरिद्वार से लौट रही थीं। घटना के समय मां को नींद आ गई थी, जिससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। अस्पताल ले जाते समय बेटी की भी मृत्यु हो गई।

हाईवे पर झपकी लगने से स्कूटी डिवाइडर से टकराई, मां-बेटी की मौत

मिलक। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सोमवार तड़के हुए हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों बरेली की रहने वाली थीं और परिवार के साथ हरिद्वार से लौट रही थीं। परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर सवार थे। ग्राम लोहा पट्टी के पास स्कूटी चला रहीं मां को अचानक नींद की झपकी आने से वाहन बेकाबू होकर सीधे डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठी गंभीर रूप से घायल बेटी की मौत बरेली ले जाते समय रास्ते में हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी ठेकेदार कपिल खंडेलवाल रविवार को परिवार के साथ हरिद्वार दर्शन करने गए थे। सोमवार तड़के पूरा परिवार वापस बरेली लौट रहा था। कपिल खंडेलवाल अपनी छोटी बेटी दिव्या (17) और बेटे कार्तिक (12) के साथ बाइक पर पीछे चल रहे थे, जबकि उनकी पत्नी तृप्ति गुप्ता (50) बड़ी बेटी श्रेयांशी (19) को लेकर स्कूटी से आगे थीं। ग्राम लोहा पट्टी के पास पहुंचते ही तृप्ति को नींद की झपकी आ गई और स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं।पीछे से आ रहे कपिल खंडेलवाल ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तृप्ति गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। श्रेयांशी की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों मौतें से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने तृप्ति गुप्ता के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, परिजनों के अनुरोध पर श्रेयांशी के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और उसे अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाया गया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।