रालोद छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष की एक्सप्रेसवे पर मौत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष समेत दो घायल

हिन्दुस्तान, शामली
Follow us on Google News
share

राधिका छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य पवार की गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय राणा गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि वैभव भी चोटिल हो गए। आदित्य का अंतिम संस्कार गांव होशंगपुर में किया गया, जहां रालोद नेताओं और सैकड़ों ग्रामीणों ने अंतिम विदाई दी।

रालोद छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष की एक्सप्रेसवे पर मौत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष समेत दो घायल

झिंझाना। प्रयागराज से गाजियाबाद लौट रहे राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य पवार की सोमवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में रालोद के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय राणा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वैभव घायल हो गए। सोमवार दोपहर बाद गांव होशंगपुर में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में क्षेत्र व जिले के रालोद नेताओं सहित सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। जानकारी के अनुसार, थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव होशंगपुर निवासी 36 वर्षीय आदित्य पवार पुत्र मास्टर अमरपाल सिंह अपनी एक्सयूवी-700 कार से प्रयागराज से गाजियाबाद लौट रहे थे।

उनके साथ रालोद के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय राणा निवासी अच्छीरोंडा (मेरठ) तथा वैभव निवासी मुरादनगर भी सवार थे।सोमवार तड़के करीब दो बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर खरखौदा क्षेत्र में खड़खड़ी टोल प्लाजा पार करने के बाद बिजौली गांव के निकट चालक को कथित रूप से नींद की झपकी आने पर कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर लगे साइन बोर्ड के पोल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि आदित्य पवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों को मेरठ के न्यूटीमा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। विजय राणा की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली रेफर किया गया, जबकि वैभव का उपचार चल रहा है।परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद काफी देर तक मौके पर राहत एवं बचाव दल नहीं पहुंचा, जिससे समय पर सहायता नहीं मिल सकी।हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आदित्य पवार अपने पीछे पत्नी, तीन वर्ष की एक मासूम बेटी, माता-पिता और दो बहनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से गांव होशंगपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सोमवार दोपहर बाद गांव में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां रालोद के जिला एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें