छापेमारी से लौट रही हजारीबाग चलकुशा पुलिस का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, पुलिसकर्मी की मौत, चार गंभीर
छापेमारी से लौट रही हजारीबाग चलकुशा पुलिस का बेलोरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त एक पुलिसकर्मी की मौत, चार गंभीर हजारीबाग चलकुशा हिंदुस्तान टीम हजारीबा

हजारीबाग, चलकुशा हिंदुस्तान टीम। हजारीबाग पुलिस की टीम के लिए मंगलवार की सुबह बेहद दुखद रही। एक आपराधिक मामले में छापेमारी कर वापस लौट रही चलकुशा थाना पुलिस की बेलोरो वाहन धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीपल के समीप जीटी रोड पर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में चलकुशा थाने में तैनात आरक्षी राम लखन यादव (43) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग के चलकुशा थाना की पुलिस टीम घोरबंधा हत्याकांड के एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मैथन (धनबाद) गई थी। पुलिसिया कार्य संपन्न कर मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे सभी जवान बेलोरो वाहन से वापस हजारीबाग लौट रहे थे। इसी दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जोड़ापीपल के पास कोलकाता-दिल्ली लेन में बेलोरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में अगली सीट पर बैठे आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आरक्षी मूल रूप से कोडरमा जिले के जayanagar थाना क्षेत्र के हीरोडीह गांव के रहने वाले थे और उन्होंने करीब 20 दिन पहले ही चलकुशा थाना में योगदान दिया था।
चार घायल, दो की स्थिति नाजुक
हादसे की सूचना मिलते ही बरवाअढ़ा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला और आनन-फानन में धनबाद मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल चार पुलिसकर्मियों को बेहतर इलाज के लिए अशरफी अस्पताल रेफर कर दिया है। घायलों में आरक्षी नरेश यादव, आरक्षी ग्रीन कुमार पासवान और चालक गौरव कुमार शामिल हैं। इनमें से दो जवानों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना से हजारीबाग पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की निगरानी की और परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या था। प्राथमिक तौर पर चालक को झपकी आने या वाहन में तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है। हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। घायलों के प्रति संवेदना जताते हुए इलाज में सहायता का आश्वासन दिया है। मंगलवार को पूरा पुलिस महकमा अपने दिवंगत साथी को नमन करता रहा। पुलिस कर्मियों के साथ लोगों के बीच या घटना चर्चा का विषय बना रहा।


