Bokaro News: 20 घंटे बाद हटा जाम, मृतक के परिजनों को मुआवजे और बच्चों की पढ़ाई का मिला भरोसा
Bokaro News: जैनामोड़ में कोयला लदे ट्रक की चपेट में आने से 40 वर्षीय हिदायतुल्लाह अंसारी की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। करीब 20 घंटे तक सड़क जाम रहा। अंततः वार्ता के बाद मुआवजे की सहमति पर जाम हटाया गया। मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजा देने का वादा किया गया।

Bokaro News: जैनामोड़, प्रतिनिधि। जैनामोड़-फुसरो मुख्य पथ पर तुपकाडीह में कोयला लदे ट्रक की चपेट में आने से हुई हिदायतुल्लाह अंसारी (40) की मौत के बाद करीब 20 घंटे से जारी सड़क जाम गुरुवार को वार्ता के बाद हटा। बुधवार दोपहर हुई दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए थे। रातभर वार्ता बेनतीजा रहने के कारण जाम जारी रहा।
मुआवजे की सहमति
गुरुवार सुबह प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों और मृतक के परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद करीब 11 बजे आवागमन बहाल हुआ। बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह की पहल पर वाहन मालिक और मृतक के परिजनों के बीच वार्ता हुई। इसमें वाहन मालिक की ओर से दो लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। तत्काल एक लाख रुपये का चेक दिया गया, जबकि शेष एक लाख रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा मृतक के दो बच्चों की पढ़ाई का खर्च वाहन मालिक की ओर से वहन करने पर भी सहमति बनी। वार्ता में प्रशासन की ओर से सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने और जांच के बाद आवास उपलब्ध कराने की बात कही गई। सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया।
16 किमी सड़क पर लगी वाहनों की कतार
करीब 20 घंटे तक जाम रहने से जैनामोड़ से फुसरो के बीच लगभग 16 किलोमीटर मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में ट्रक, बस और छोटे वाहन फंसे रहे। जाम हटने के बाद वाहनों की नियमित आवाजाही शुरू कराने में पुलिस को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। घटना के बाद पुलिस रातभर मौके पर तैनात रही। वार्ता में सीओ प्रणव ऋतुराज, जरीडीह अंचल निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, बेरमो थाना प्रभारी नित्यानंद महतो, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो और पुलिस इंस्पेक्टर अरविंद कुमार समेत दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

