वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को मारी टक्कर, पिता की मौत
बदायूं में एक पिता-पुत्र बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिससे पिता की मौत हो गई और पुत्र घायल हो गया। घायल अजीत को गंभीर हालत में अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार में शोक का माहौल है। यह हादसा गुधनी गांव के पास हुआ।
बदायूं। ससुराल से बेटे के साथ दावत खाकर घर लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र घायल हो गया। घायल की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसा बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के बिसौली-बिल्सी रोड स्थित गुधनी गांव के पास हुआ। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर मकुईया निवासी 40 वर्षीय जोगेंद्र पुत्र लाखन सिंह अपने 18 वर्षीय बेटे अजीत के साथ अपनी ससुराल छौलान गांव गए थे।
दावत खाने के बाद जोगेंद्र अपने बेटे अजीत के साथ रात में ही घर वापस आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गुधनी गांव के पास पहुंची, तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में जोगेंद्र और उनका बेटा अजीत घायल हो गए। मौके पर पहुंची बिल्सी कोतवाली पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने जोगेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजीत की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग अजीत को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।


