पिकअप की टक्कर से बाइक सवार कांवड़िये की मौत, भाई घायल
बदायूं में कछला गंगा घाट से जल लेकर लौट रहे बाइक सवार कांवड़ियों को पिकअप वाहन ने टक्कर मारी। एक कांवड़िये की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल है। हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर जीडी गोयंका स्कूल के पहले हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
बदायूं। कछला गंगा घाट से जल लेकर लौट रहे बाइक सवार कांवड़ियों को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, जिसमें एक कांवड़िये की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कांवड़िये के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। कांवड़िये की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसा उझानी कोतवाली बरेली-मथुरा हाईवे स्थित जीडी गोयंका स्कूल से पहले हुआ। यहां अलापुर थाना क्षेत्र के रूपामई रमनगला निवासी सतीश कुमार 25 वर्ष पुत्र लालाराम अपने चचेरे भाई ओमकार 34 वर्ष पुत्र केदार के साथ उझानी कोतवाली के कछला गंगा घाट से जल लेने के लिए बाइक से रवाना हुए थे।
गंगा घाट से जल लेने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। उन्हें शाहजहांपुर के पटना देवी काली शिव मंदिर में जलाभिषेक करना था लेकिन बरेली-मथुरा हाईवे पर जीडी गोयंका स्कूल से पहले उनकी बाइक में पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंस गई और काफी दूर तक घसीटती चली गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची उझानी कोतवाली पुलिस ने दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सतीश कुमार की मौत हो गई, जबकि ओमकार का इलाज चल रहा है। पुलिस ने सतीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस उस वाहन की तलाश कर रही है, जिससे बाइक में टक्कर लगी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। सतीश की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि बाइक सवार एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।


