टिनप्लेट हादसे में मजदूर की मौत, साढ़े पांच घंटे हंगामा, 20 लाख मुआवजा पर सहमति
टाटा स्टील के टिनप्लेट विस्तार प्रोजेक्ट में एक हादसे में ठेका मजदूर संजय शर्मा की मौत हो गई और दिलीप शर्मा गंभीर घायल हुए। घटना वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में हुई। परिवार ने मुआवजे और नौकरी की मांग की, जिसके बाद 20 लाख रुपये नकद और 25 हजार रुपये पेंशन देने पर सहमति बनी।

टाटा स्टील के टिनप्लेट विस्तार प्रोजेक्ट में शुक्रवार को हुए हादसे में ठेका मजदूर बागबेड़ा निवासी 42 वर्षीय संजय शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी दिलीप शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। दिलीप का टीएमएच के सीसीयू में इलाज चल रहा है। कंपनी के अनुसार, वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र में टावर क्रेन के बेस पर शटरिंग लगाने के दौरान हादसा हुआ। दोनों मजदूर बीएन दत्ता एजेंसी से जुड़े थे। कंपनी ने घटना पर दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में भाजपा, कांग्रेस और झामुमो के नेता-कार्यकर्ता जुट गए। परिजनों ने 50 लाख रुपये मुआवजा और एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग की।
इस दौरान विवाद और धक्का-मुक्की के बाद करीब साढ़े पांच घंटे तक हंगामा चलता रहा। रात 10:30 बजे परिवार को 20 लाख रुपये नकद मुआवजा और फैमिली स्कीम के तहत 18 वर्षों तक प्रतिमाह 25 हजार रुपये पेंशन देने पर सहमति बनी। पेंशन में हर साल एक हजार रुपये की बढ़ोतरी होगी। पीएफ और बीमा की राशि भी अलग से दी जाएगी।

