डांगोवापोसी में ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हिन्दुस्तान, चाईबासा
गुवा के कल्याण नगर निवासी 32 वर्षीय मजदूर समीर खान की डांगोवापोसी रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। स्ट्रक्चर की ब्लू शीट बदलते समय वह करीब 80 से 100 फीट ऊँचाई से गिर गया। परिजनों ने सुरक्षा उपकरणों की कमी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

गुवा। चक्रधरपुर रेल डिवीजन के डांगोवापोसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में गुवा के कल्याण नगर निवासी 32 वर्षीय मजदूर समीर खान की मौत हो गई। बताया गया कि कैरेज एंड वैगन विभाग के सीक लाइन क्षेत्र में करीब 80 से 100 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर की ब्लू शीट बदलने के दौरान वह नीचे गिर गया। हादसे के समय बारिश होने की भी बात सामने आई है। गंभीर हालत में उसे टाटा स्टील नोवामुंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों और मजदूरों ने पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
साथ ही मृतक के आश्रित को नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई गई है।


