मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झामुमो को अपूरणीय क्षति : केपी सोरेन
झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनकी श्रद्धांजलि में शोकसभा आयोजित की। वरिष्ठ नेता कालीपद सोरेन ने कहा कि यह निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। सोनू काबिल मंत्री थे और उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

राजनगर। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, कला संस्कृति, पर्यटन एवं युवा खेलकूद विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के हृदयाघात से आकस्मिक निधन की खबर से झामुमो कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। रविवार को राजनगर स्थित झामुमो प्रखंड कार्यालय में प्रखंड उपाध्यक्ष भक्तु मार्डी की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान झामुमो के वरिष्ठ नेता कालीपद सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।
वह एक काबिल और कर्मठ मंत्री थे। उन्होंने सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी को बखूबी संभाला और अपने कार्यों से अलग पहचान बनाई।उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झामुमो के कद्दावर नेताओं में शामिल थे। उनके असामयिक निधन से पूरा झामुमो परिवार मर्माहत है। उनके निधन से पार्टी को बड़ा झटका लगा है और संगठन को हुई इस क्षति की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि झामुमो का प्रत्येक कार्यकर्ता शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।


