फाटक पर ट्रेन की कार से टक्कर, दो स्कूली बच्चों समेत पांच की मौत
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक खुले लेवल क्रॉसिंग पर ट्रेन ने एक पूल कार को टक्कर मार दी। हादसे में दो स्कूली छात्रों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया, जबकि गेटमैन को गिरफ्तार किया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची।

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार को एक खुले लेवल क्रॉसिंग (फाटक) पर ट्रेन ने एक पूल कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो स्कूली छात्रों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल पांच लोगों में कार का चालक भी शामिल है। पटरी पार कर रहे एक साइकिल सवार को भी निमतिता-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में गेटमैन को गिरफ्तार किया, जबकि रेलवे के एक परमानेंट वे इंस्पेक्टर (पीडब्ल्यूआई) को निलंबित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गोबिंदपुर में दुर्घटनास्थल पर विरोध प्रदर्शन किया।
हादसे का विवरण
यह हादसा सुबह करीब सात बजे ईस्टर्न रेलवे के हावड़ा मंडल के आजीमगंज-कटवा रेलखंड में कर्णसुबर्ण रेलवे स्टेशन के पास हुआ। स्कूल के छात्रों को लेकर जा रही पूल कार रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी निमतिता-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी।
घटनास्थल का दौरा
रेलवे ट्रैक पार कर रहा एक साइकिल सवार भी ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में घायल लोगों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें बहरामपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। ईस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम माझी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए रेलवे अधिकारियों की 10 सदस्यीय टीम घटनास्थल का दौरा कर चुकी है। हादसे के बाद आजीमगंज-कटवा रेलखंड पर कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं, लेकिन ट्रैक से क्षतिग्रस्त वाहन हटाए जाने के बाद सेवाएं फिर से बहाल कर दी गईं।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
--------------------
बॉक्स
हाइड्रोजन ट्रेनें चला रहे हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम कमजोर : कांग्रेस
बहरामपुर के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। चौधरी ने कहा कि हम हाइड्रोजन ट्रेनें चला रहे हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम कमजोर हैं। हमें यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बुनियादी ढांचा और जरूरी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मौजूद हो।


