पितृपक्ष में ट्रैफिक व्यवस्था होगी बेहतर, पार्किंग स्थलों पर मिलेंगी सुविधाएं
-यातायात, परिवहन और पार्किंग के लिए समाहरणालय में हुई बैठक पार्किंग स्थलों पर शेड, पानी,

पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में यातायात, परिवहन व पार्किंग कोषांग की बैठक हुई। अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन और सिटी एसपी अभिनव बैठक की अध्यक्षत की। मेला अवधि में शहर को जाम से बचाने, वाहनों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को लेकर मंथन की गई। पार्किंग स्थलों पर तीर्थयात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर दिशा निर्देश दिया गया।
यातायात योजना
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी और डीएसपी यातायात ने मेला अवधि के लिए तैयार ट्रैफिक प्लान और चिन्हित पार्किंग स्थलों की जानकारी अधिकारियों को दी। सभी पार्किंग स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया जा चुका है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों पर शेड, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
भोजन की व्यवस्था
पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं को उचित दर पर भोजन उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए जीविका दीदियों के माध्यम से सस्ती रोटी के शिविर लगाए जाएंगे। बैठक में पुरोहित महेश लाल गुपुत ने भी पार्किंग स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं की मुकम्मल व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।
अन्य निर्देश
सिटी एसपी ने मेला क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़कों पर अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बनने देने का निर्देश दिया है। विशेष रूप से भूसंडा वाहन पार्किंग स्थल पर पर्याप्त रोशनी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने के साथ जरूरत के अनुसार दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया।
भीड़ प्रबंधन
अपर समाहर्ता ने कहा कि 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले 15 दिवसीय मेले में भीड़ प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। विशेष तिथियों और प्रमुख पिंडवेदी स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाने और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा कराने का निर्देश दिया गया।


