लाइफलाइन बंद होने से घंटों फंसें यात्री
हिन्दुस्तान, पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ के घाट एनएच में शनिवार को पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से यातायात बाधित रहा। यात्रियों को घंटों तक फंसे रहना पड़ा, कई ने पैदल ही सड़क पार की। पत्थरों के गिरने का सिलसिला कुछ समय बाद रुका, जिसके बाद यात्रियों ने मिलकर सड़क से पत्थर हटाए और वाहनों की आवाजाही संभव हो सकी।

संतोष आर्यन, पिथौरागढ़। घाट एनएच में शनिवार को पहाड़ी से लगातार पत्थर-बोल्डर गिरने से घंटों यातायात बाधित रहा। सुबह से लेकर शाम तक यात्री इस मार्ग में फंस रहे। कई यात्रियों ने पैदल ही बंद सड़क को पार किया और दूसरे तरफ खड़े वाहनों से आगे की यात्रा की। पिथौरागढ़-घाट एनएच में चमगाड़ लिंक मार्ग के समीप चुपकोट पहाड़ी सीमांत के लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। जिला मुख्यालय से टनकपुर यात्रा पर निकलें शिवओम वर्मा ने बताया कि करीब पौन घंटे तक पहाड़ी से पत्थर गिरते रहे। बाद में जब पत्थर गिरना बंद हुए तो यात्रियों ने स्वयं मिलकर सड़क से पत्थर हटाए, तब कहीं वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।


