सुपौल : खाद लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, दो महिलाओं समेत तीन की मौत

हिन्दुस्तान, सुपौल
Follow us on Google News
share

वीरपुर में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मारी, जिसमें तीन लोग, जोकि दो महिलाएं थीं, की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने शवों को अस्पताल पहुंचाया और चालक फरार हो गया। मृतकों में एक महिला के तीन बच्चे और दंपती के दो बेटे हैं। परिजनों को सरकारी सहायता की पेशकश की गई।

सुपौल : खाद लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, दो महिलाओं समेत तीन की मौत
सुपौल : खाद लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, दो महिलाओं समेत तीन की मौत

वीरपुर, एक संवाददाता। वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर पंचायत स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार रात खाद लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का आधा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ एमएस रहमान और डीएस डॉ अमित कुमार ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया 22 आरडी वार्ड संख्या दो निवासी कृत्यानंद सदा की पत्नी सुरती देवी अपने जीजा अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया बरियाही हनुमानगंज वार्ड संख्या दो निवासी अरविंद ऋषिदेव (26) और उनकी पत्नी मूर्ति देवी (22) के साथ बाइक से नेपाल के हरिपुर स्थित रिश्तेदार के घर गई थीं। शनिवार रात तीनों बाइक से कटैया लौट रहे थे। इसी दौरान हृदयनगर पेट्रोल पंप के समीप विपरीत दिशा से आ रहे खाद लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। थानाध्यक्ष संजय कुमार दास ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर बनेलीपट्टी निवासी पैक्स अध्यक्ष पति गणेश यादव का बताया जा रहा है। ट्रैक्टर पर खाद लदी थी और वह विपरीत दिशा से आ रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान

हादसे में मृत सुरती देवी का शव रविवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। भीमनगर पुलिस की देखरेख में उसका अंतिम संस्कार कराया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुरती देवी अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। बच्चों की उम्र करीब तीन, पांच, सात और नौ वर्ष बताई गई है। मां की मौत से चारों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। इधर, अरविंद ऋषिदेव और उनकी पत्नी मूर्ति देवी के शव उनके पैतृक गांव भेजे गए, जहां दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक दंपती अपने पीछे दो बेटे छोड़ गए हैं। दोनों की उम्र करीब आठ और पांच वर्ष बताई गई है। एक साथ माता-पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से भी मां-बाप का साया उठ गया।

परिवार की प्रतिक्रिया

मृतक के परिजन दिलीप सदा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर पैक्स अध्यक्ष पति गणेश यादव का था। उनके अनुसार, रविवार सुबह गणेश यादव के साथ दीनबंधी पंचायत के मुखिया मो अख्तर समेत अन्य पंचायतों के मुखिया, सरपंच और अन्य लोग मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। परिजनों का दावा है कि मामला दर्ज नहीं कराने के एवज में तीनों मृतकों के परिजनों को कुल छह लाख रुपये देने की बात कही गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि खाद लदे ट्रैक्टर के इंजन और ट्रेलर पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर में बाइक का आधा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जांच की प्रक्रिया

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार ताती ने बताया कि ट्रैक्टर पर खाद लदे होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर खाद की जांच की। ट्रैक्टर पर तिरपाल लगा होने के कारण मौके पर खाद की गिनती नहीं हो सकी। हालांकि, करीब 150 बोरी खाद से संबंधित कागजात उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि खाद बनेलीपट्टी पैक्स के लिए ले जाई जा रही थी। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

सामान्य प्रश्न

✦यह दुर्घटना कब हुई?−
यह दुर्घटना शनिवार रात को हुई।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसुपौल : खाद लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, दो महिलाओं समेत तीन की मौत