पत्नी और उसके साथी पर आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा
उसावां थाना क्षेत्र के नगरिया चिकन गांव का मामला, भाई की तहरीर पर कार्रवाईउसावां थाना क्षेत्र के नगरिया चिकन गांव का मामला, भाई की तहरीर पर कार्रवाई

उसावां, संवाददाता। विषाक्त पदार्थ खाने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भाई ने पत्नी और उसके साथी पर प्रताड़ित करने, अवैध संबंध रखने व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उसावां थाना क्षेत्र के गांव नगरिया चिकन निवासी पंकज कुमार की विषाक्त पदार्थ खाने से हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई पवन कुमार ने थाना पुलिस को तहरीर देकर पत्नी नीलम और गांव निवासी सुवान्श उर्फ छुटक्कू पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया।
पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर में कहा गया है कि नीलम के सुवान्श उर्फ छुटक्कू से संबंध होने के कारण लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था। आठ जुलाई की सुबह पंकज ने दोनों को साथ जाते देखा और रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों ने उसे आत्महत्या करने के लिए उकसाया, जिससे आहत होकर उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि मौत से पहले पंकज ने कुछ लोगों के सामने दोनों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया और उसका वीडियो भी बनाया गया। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।


