अवैध और व्यवस्थाहीन अस्पतालों पर शिकंजा, मुंगेर नेशनल अस्पताल का निबंधन स्थगित
मुंगेर में प्रशासन ने नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी की बैठक में त्रिस्तरीय जांच में खामियों की रिपोर्ट पर 'मुंगेर नेशनल अस्पताल' का निबंधन स्थगित किया गया। 'जगत जननी अस्पताल' पर भी शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है।

मुंगेर, निज संवाददाता। जिले में नियमों की अनदेखी कर धड़ल्ले से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और क्लिनिकों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला रजिस्ट्रिकरण प्राधिकार की बैठक में त्रिस्तरीय जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कई बड़े फैसले लिए गए। जांच में खामियां पाए जाने के बाद 'मुंगेर नेशनल अस्पताल, छोटी केलाबाड़ी' का औपबंधिक निबंधन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। अस्पताल में स्टाफ व वेंटिलेटर मरीजों के अभिलेखों की अनुपलब्धता, फायर सेफ्टी, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और बायो-मेडिकल उपकरणों की कार्यशीलता में गंभीर कमियां मिलीं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर बिहार क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट, 2013 के तहत अस्पताल को एक माह के भीतर अपनी सभी सेवाएं बंद करने का सख्त निर्देश दिया गया है।वहीं
दूसरी ओर, बड़ी बाजार स्थित 'जगत जननी अस्पताल' के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच में 24×7 डॉक्टरों की अनुपस्थिति, अपर्याप्त नर्सिंग स्टाफ और आईसीयू का अभाव पाया गया। प्रशासन ने निबंधन रद्द करने से पूर्व अस्पताल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है। साथ ही, कथित चिकित्सकीय लापरवाही के एक मामले में त्रिस्तरीय मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को भेजने की अनुशंसा की गई है।


