बिना कोचिंग पढ़ाई कर यूनिवर्सिटी टॉपर बनीं बोकारो की रिंकू, अब आईएएस बनने का सपना
एसएस कॉलेज चास की छात्रा कुमारी रिंकू यूजी बॉटनी सत्र-2021-24 के लिए बीबीएमकेयू धनबाद की बेस्ट ग्रेजुएट बनी हैं। रिंकू को 1963 मार्क्स (94.6%) प्राप्त

एसएस कॉलेज चास की छात्रा कुमारी रिंकू यूजी बॉटनी सत्र-2021-24 के लिए बीबीएमकेयू धनबाद की बेस्ट ग्रेजुएट बनी हैं। रिंकू को 1963 मार्क्स प्राप्त हुआ है। विश्वविद्यालय ने उनका नाम जारी कर दिया है। 9 अक्तूबर के बीबीएमकेयू दीक्षांत समारोह में राज्यपाल गोल्ड मेडल व डिग्री प्रदान करेंगे। रिंकू की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। मूलरूप से चंदनकियारी प्रखंड के चंद्रा गांव की रहने वाली रिंकू ने चास में रहकर अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। उन्होंने जीजीपीएस चास से 10वीं बोर्ड में 93.4 प्रतिशत अंक, वर्ष 2020 में इंटरमीडिएट परीक्षा में 94.6 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
रिंकू के पिता राजीव कुमार एक डायरेक्ट सेलिंग कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में दो छोटे भाइयों की पढ़ाई में भी वह मार्गदर्शन करती हैं। रिंकू ने बताया कि स्नातक की पूरी पढ़ाई सेल्फ स्टडी से पूरी की। कोई कोचिंग नहीं ली। नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को वह अपनी सफलता का प्रमुख आधार मानती हैं। वर्तमान में रिंकू यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना आईएएस अधिकारी बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। रिंकू का कहना है कि बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अनुशासन, धैर्य और निरंतर प्रयास सबसे महत्वपूर्ण है।

