मिनीगन फैक्ट्री संचालक मो. फैसल को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
चंपानगर कांड में चार साल व मधुसूदनपुर कांड में छह माह से था फरार कोर्ट

नाथनगर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। भागलपुर जिले में टॉप टेन की श्रेणी में शामिल अपराधी अवैध मिनीगन फैक्ट्री का सरगना नाथनगर थाना क्षेत्र के चंपानगर निवासी मो. फैसल को आखिरकार एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। फैसल नाथनगर के चंपानगर में अवैध मिनीगन फैक्ट्री चलाने के आरोप में बीते चार साल व मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के कबीरपुर रहमतबाग इलाके में मिनीगन फैक्ट्री संचालन के आरोप में बीते छह महीने से फरार चल रहा था। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार दोपहर आत्मसमर्पण के लिए वह कोर्ट परिसर के बाहर पहुंचा था। जहां कोर्ट के बाहर ही एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मो. फैसल अंसारी के विरुद्ध बीते 17 फरवरी को मधुसूदनपुर थाना में और वर्ष 2022 में 23 दिसंबर को नाथनगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। दोनों मामले में कार्रवाई एसटीएफ द्वारा की गई थी। सहयोग में स्थानीय पुलिस भी थी।


