सिंडिकेट की बैठक में लगी पीजी स्तर पर आईकेएस कोर्स पर मुहर
भागलपुर में टीएमबीयू का सिंडिकेट ऑनलाइन बैठक में भारतीय ज्ञान प्रणाली से जुड़े दो क्रेडिट के वैल्यू एडेड कोर्स को मंजूरी दी गई। कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा ने आपात बैठक बुलाई, जिसमें सदस्यों ने बैठक का आयोजन ऑफलाइन करने का सुझाव दिया। अगले चरण में ऑफलाइन स्थानों पर विचार करने पर चर्चा की गई।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। टीएमबीयू के सिंडिकेट की बैठक शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से हुई। इस बैठक में एक दिन पहले एकेडमिक काउंसिल में पीजी स्तर पर भारतीय ज्ञान प्रणाली (आईकेएस) से जुड़े दो क्रेडिट के वैल्यू एडेड कोर्स को दी गई मंजूरी को सहमति दी गई है। कोर्स को शुरू करने के लिए आगे की प्रक्रिया होनी है। यह कोर्स 33 विषयों में पीजी के सेमेस्टर-1 में दो क्रेडिट के साथ शुरू होना है। इसी कारण कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा ने सिंडिकेट की आपात बैठक बुलाई। इस बैठक में कुछ सिंडिकेट सदस्यों ने कोर्स को शुरू करने पर अपनी राय दी।
आमागी बैठक में इसपर विचार करने की बात कही गयी। बैठक के दौरान एमएलसी सह टीएमबीयू के सिंडिकेट सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा है कि यह बैठक लगातार ऑनलाइन हो रही है। बैठक का आयोजन ऑफलाइन भी होना चाहिए। इस पर प्रभारी कुलपति ने कहा कि यह ऑफलाइन बैठक मुख्यालय में होती रहती है, इसके स्थान में परिवर्तन होना चाहिए। इस पर सदस्यों ने कुछ कॉलेजों का नाम भी सुझाया है, जहां बैठक ऑफलाइन माध्यम से कराई जाए। इस पर आगे बैठक में विचार किया जाएगा।


