टीएमबीयू के पीजीडीजेएमसी में 10 सितंबर से शुरू होगा नामांकन आवेदन
छह अक्टूबर को होगी प्रवेश जांच परीक्षा का आयोजन 30 सितंबर तक चलेगा ऑफलाइन आवेदन

भागलपुर, वरीय संवाददाता। टीएमबीयू के पीजी हिंदी में संचालित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन जर्नलिज्म एंड मॉस कम्यूनिकेशन (पीजीडीजेएमसी) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर तक नामांकन आवेदन ऑफलाइन माध्यम से कर सकते हैं। नामांकन के लिए प्रवेश जांच परीक्षा का आयोजन छह अक्टूबर को होगी। यह जानकारी कोर्स निदेशक डॉ. प्रतिभा राजहंस ने दी है। निदेशक ने इस संबंध में सूचना जारी कर दी है। सूचना में कहा गया है कि इस कोर्स में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के किसी भी मान्यता प्राप्त विवि अथवा टीएमबीयू के एकेडमिक काउंसिल द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष डिग्री के विद्यार्थी नामांकन ले सकते हैं।
उन्हें कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त होना चाहिए। साथ ही आवेदक को भाषा पत्र में कम से कम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त हो। विज्ञान, वाणिज्य, आईएससी-आईकॉम परीक्षा के अनिवार्य भाषा पत्र में कम से कम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त होना चाहिए।नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को पीजी हिंदी विभाग से संपर्क करना होगा। यह पाठ्यक्रम पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल मीडिया, समाचार लेखन, रिपोर्टिंग, संपादन, जनसंपर्क और संचार के विभिन्न आयामों से परिचित कराया जाएगा।


