मेरठ : खादी और ग्रामोद्योग आयोग की ओर से हर घर तिरंगा रैली निकली
मेरठ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खादी और ग्रामोद्योग आयोग द्वारा 'हर घर तिरंगा रैली' का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाना और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना था। रैली का नेतृत्व डॉ. संजीब रॉय ने किया और इसे सभी ने उत्साह के साथ मनाया।
मेरठ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर खादी और ग्रामोद्योग आयोग के मंडलीय कार्यालय, मेरठ द्वारा देशप्रेम और उत्साह के साथ हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करना था। यह भव्य तिरंगा रैली राम सहाय इंटर कॉलेज से देशभक्ति के नारों के साथ आरंभ हुई। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अधिकारियों का यह कारवां शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंडलीय कार्यालय, मेरठ पहुंचकर संपन्न हुआ। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया और भारत माता की जय के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
खादी और ग्रामोद्योग आयोग के मंडलीय निदेशक डॉ. संजीब रॉय ने रैली का नेतृत्व किया और युवाओं को देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।राम सहाय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने इस आयोजन को छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव बताया। रैली के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने का एक संकल्प है।


