कांगड़ा घाट पर गंगा में डूबने से दो कांवड़ियों की जान बची
कांवड़ मेले के दौरान शुक्रवार को कांगड़ा घाट पर गंगा स्नान के समय तेज बहाव में फंसे दो युवकों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला। उत्तर प्रदेश के झांसी और बागपत के निवासी युवकों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। युवकों ने रेस्क्यू दल का आभार जताया।

कांवड़ मेले के दौरान कांगड़ा घाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान के समय दो अलग-अलग घटनाओं में तेज बहाव में फंसे दो युवकों को एसडीआरएफ की टीम ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। पहली घटना में उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी 18 वर्षीय सुधीश ठाकुर गंगा में स्नान के दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। घाट पर तैनात एसडीआरएफ जवानों ने उन्हें डूबता देख तुरंत नदी में छलांग लगाई और कुछ ही देर में सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
टीम ने मौके पर ही उन्हें प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया। दूसरी घटना में उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 28 वर्षीय राहुल गंगा के गहरे पानी और तेज धारा में फंस गए। स्थिति गंभीर होते देख एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें भी सकुशल बाहर निकाल लिया। समय पर राहत मिलने से उनकी जान बच गई। रेस्क्यू के बाद दोनों युवकों ने एसडीआरएफ के जवानों का आभार जताते हुए उनकी तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।


