ओझल हुए बाघ की तलाश के लिए अब थर्मल ड्रोन का सहारा लेगा वन विभाग
दक्षिण खीरी में बाढ़ के पानी के पार दलदल में फंसे बाघ की तलाश तेज की गई है। वन विभाग ने सुरक्षा के लिए अनुभागों और जिलों के अधिकारियों को तैनात किया है। विशेष थर्मल ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। बाघ की मौजूदगी की पुष्टि के बाद अब उसे ढूंढने का प्रयास जारी है।

दक्षिण खीरी में बाढ़ के पानी के पार दलदल व झाड़ियों में फंसे बाघ के ओझल होने के बाद वन विभाग ने उसकी तलाश तेज कर दी है। दलदल में फंसे इस बाघ को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए तीन अनुभागों और दो जिलों के अफसर तैनात किए गए हैं। इस सघन अभियान में दक्षिण खीरी की टीम के साथ सीतापुर वन प्रभाग की टीम और दुधवा नेशनल पार्क के विशेषज्ञ भी दिन-रात जुटे हुए हैं। हालांकि, पिछले 72 घंटों से बाघ का कोई सुराग नहीं मिला है और इलाके में उसकी तलाश के लिए इस्तेमाल किए गए सामान्य ड्रोन भी नाकाम रहे हैं। इसे देखते हुए वन विभाग ने अब खास थर्मल ड्रोन मंगवाए हैं, जिनकी मदद से रात के अंधेरे में भी बाघ की सघन तलाश की जा सके। वन विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि बाघ दलदल वाली जगह से निकलकर करीब डेढ़ किलोमीटर आगे चला गया होगा। आशंका जताई जा रही है कि वह पास के गन्ने के खेतों या घनी झाड़ियों में छिपा हो सकता है। इसी के मद्देनजर रात में भी बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा。
बाघ की सूचना
गौरतलब है कि शनिवार को मछुआरों ने शारदा नदी किनारे बेलहा सिकिटिहा में टापू पर झाड़ियों और बाढ़ के पानी के बीच बाघ के फंसे होने की सूचना दी थी। सूचना पर डीएफओ दक्षिणी खीरी तापस मिहिर के नेतृत्व में टीम ने ड्रोन से निगरानी शुरू की थी। रेस्क्यू के लिए पिंजड़ा और ट्रैंकुलाइज टीम भी बुलाई गई थी। रविवार सुबह से ड्रोन मॉनिटरिंग में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी।
टास्क की रणनीति
डीएफओ तापस मिहिर ने बताया था कि मौके पर कोई दलदल नहीं, सिर्फ झाड़ी और पानी है और बाघ आबादी से काफी दूर होने से फिलहाल चिंताजनक बात नहीं है। लेकिन रविवार दोपहर के बाद से बाघ की कोई हलचल ट्रेस नहीं हुई है। इसे देखते हुए वन विभाग ने रणनीति बदली है। टीम घने गन्ने में बाढ़ का पानी भरा होने से खेतों के किनारे पैदल कॉम्बिंग के साथ थर्मल ड्रोन से कर बाघ की लोकेशन ट्रेस करेगी।

