खूंखार बाघ के सेंपल साबित करेंगे हत्या का गुनाह
अल्मोड़ा के मोहान रेंज में पकड़े गए बाघ की जांच के लिए वन विभाग ने सेंपल ले लिए हैं। जांच में पता चलेगा कि महिला की मौत का कारण यही बाघ है या कोई और। इस बीच, बाघ को रेस्क्यू सेंटर में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

अल्मोड़ा। मोहान रेंज में पकड़े गए बाघ की जांच के लिए वन विभाग ने सेंपल ले लिए हैं। इन सेंपलों की जांच के बाद ही पता लग सकेगा कि महिला को मौत के घाट उतारने वाला यही बाघ है या कोई और। तब तक बाघ ढेला रेस्क्यू सेंटर में ही डॉक्टरों की निगरानी में रहेगा। मोहान रेंज में पकड़े गए बाघ को वन विभाग ने रेस्क्यू सेंटर ढेला भेज दिया है। इसी बाघ के हमले से महिला की मौत का अंदेशा लगाया जा रहा है। पुष्टि के लिए अब वन विभाग जांच में जुटा हुआ है। विभाग की ओर से बाघ के बाल व लार के सेंपल भी ले लिए हैं। विभाग के मुताबिक, इन सेंपलों को अब भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून भेजा जाएगा। घटना के पास से मिले सेंपलों से इनका मिलान किया जाएगा। अगर जांच में इसी बाघ के हमले से मौत होने की पुष्टि होती है तो फिर जिंदगी भर बाघ को कैद में ही रहना होगा। अन्यथा वापस बाघ को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा। वहीं, रिपोर्ट आने तक बाघ रेस्क्यू सेंटर में ही रहेगा। सेंटर में बाघ का डॉक्टरों की ओर से मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
मोहान में अब भी जुटी हुई है विभाग की टीम
मोहान के तड़म, काठ की नाव व डभरा-सौराल में एक से भी अधिक बाघों के होने की आशंका है। इस कारण अब भी क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई है। वन विभाग की टीम भी बाघ के पकड़े जाने के बाद भी गश्त में जुटी हुई है। गश्त करने के साथ साथ ट्रेप कैमरों व अन्य उपकरणों से भी बाघ की तलाश की जा रही है.
कोट---
मोहान रेंज से पकड़े गए बाघ को रेस्क्यू सेंटर ढेला भेज दिया गया है। डॉक्टरों की ओर से मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। जांच के लिए बाघ के स्लाइवा और बाल के सेंपल भारतीय वन्यजीव संस्थान को भेजे जाएंगे.
- अभिमन्यु सिंह, डीएफओ अल्मोड़ा वन प्रभाग।


