मवेशी चराने गए अधेड़ को बाघ ने बनाया शिकार, अधखाया शव मिला
बहराइच के ककरहा रेंज में शुक्रवार को बाघ ने मवेशियों को चराने गए 48 वर्षीय दशरथ यादव पर हमला कर उसकी जान ले ली। शाम को लौटने में देरी पर परिजनों ने खोज शुरू की और उसका अधखाया शव जंगल में मिला। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ कर रही है।
बहराइच, संवाददाता। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज के जंगल में शुक्रवार को मवेशियों को चराने गए अधेड़ पर बाघ ने हमला कर मार डाला। शुक्रवार शाम आठ बजे तक अधेड़ के न आने पर उसके परिजनों व ग्रामीणों का समूह बारिश में ही तलाश को निकला। अधेड़ का अधखाया लहुलुहान शव जंगल में मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। सूचना पर कोतवाल रामनरेश, अमृतपुर पुरैना पुलिस चौकी प्रभारी अमित गुप्ता पुलिस बल के साथ पहुंच गए। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शनिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मुर्तिहा कोतवाली के धर्मपुर बेझा के मजरे मैकू पुरवा निवासी दशरथ यादव (48) पुत्र मयाराम शुक्रवार दोपहर में मवेशियों को चराने को निकला था। वह मवेशियों को चराता हुआ ककरहा रेंज के जंगल में चला गया। दोपहर बाद बारिश शुरू हो गई। शाम 7: 30 तक जब दशरथ गांव नही आया। तब चिंतित परिजनों ने गांव वालों को साथ ले जंगल में घुसे। काफी तलाश के बाद शुक्रवार रात लगभग दस बजे उसका लहुलुहान अधखाया शव जंगल में मिला। तो परिजनों में हाहाकार मच गया। परिजन शव गांव ले आए। इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाल राम नरेश, अमृतपुर पुरैना पुलिस चौकी प्रभारी अमित गुप्ता पुलिस बल के साथ पहुंचे। प्रधान प्रतिनिधि रंगी लाल ने बताया कि वह सीतापुर से गांव पहुंच रहे है। शव को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


