सौतेले पिता ने ही बच्चे की जान ली थी
फरीदाबाद में तीन वर्षीय आदित्य की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी उसका सौतेला पिता है, जिसने बच्चे के गले पर चाकू से वार किया। आरोपी की पत्नी सुधा, आदित्य की माँ, आरोपी के साथ रहती थी। घटना के बाद आरोपी भाग गया था।

फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने सूरजकुंड थाना क्षेत्र की शिव दुर्गा विहार कॉलोनी में तीन वर्षीय बच्चे आदित्य की निर्मम हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया है।
हत्या का मामला
डीसीपी क्राइम राजेश मोहन ने बताया कि मामले में आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्चे को नापसंद करता था। इसी वजह से उसने चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एसजीएम नगर निवासी सुशांत ने मृतक बच्चे की मां सुधा से करीब डेढ़ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। महिला के पहले पति की वर्ष 2024 में कैंसर से शादी के छह माह बाद ही मौत हो गई थी। पहले पति से महिला को तीन वर्षीय बच्चा आदित्य था। यह बच्चा शिव दुर्गा विहार में अपने नाना-नानी के साथ रहता था। इसके बावजूद आरोपी बच्चे को पसंद नहीं करता था। बच्चे की मां सुधा अपने बेटे से मिलने के लिए बार-बार शिवदुर्गा विहार में अपनी मां के घर आती रहती थी। इसी बात को लेकर उनका आपस में विवाद रहता था।
आरोपी की गिरफ्तारी
घटना से दो-तीन दिन पहले आरोपी और उसकी पत्नी शिव दुर्गा विहार आए हुए थे। 21 जून की सुबह मौका पाकर उसने घर में रखे चाकू से गला काटकर बच्चे की हत्या कर दी थी।
मासूम का चाकू से गला काटा था
अपराध शाखा सेक्टर-16 प्रभारी सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि 20 जून की रात को आरोपी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खूब हंसी-मजाक कर रहा था। रात 2:30 बजे आरोपी अपनी पत्नी के साथ छत पर जाकर सो गया था। सुबह 8:00 बजे वह और उसकी पत्नी छत से उतरकर नीचे आकर कमरे में लेट गए थे। बच्चा दूसरे कमरे में लेटा हुआ था। करीब 8:30 बजे के आस-पास आरोपी बराबर वाले कमरे से उठकर बच्चे के कमरे में चला गया था। वहां चाकू से गला काटकर उसने बच्चे की हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद आरोपी दिल्ली में अपने काम पर चला गया था। सुबह करीब 10:00 बजे जब मां सुधा बच्चे के कमरे में गई तो बच्चे का खून से सना हुआ शव पड़ा हुआ था।


