Bagpat News: तीन मजदूरों की मौत पर थाने पर धरना, आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार
Bagpat News: बागपत के छपरौली कस्बे में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। परिजनों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। हालांकि, अधिकारियों ने आश्वासन पर धरना समाप्त करवाया और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का वादा किया।

Bagpat News: बागपत। छपरौली कस्बे में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से तीन मजदूरों की मौत के मामले में शुक्रवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने छपरौली थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुआवजे के साथ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में धरना शुरू कर दिया। कई घंटे चले हंगामे और अधिकारियों द्वारा पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। इसके बाद परिजन तीनों शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए माने। छपरौली निवासी परवेज उर्फ कालू कुरैशी के मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। यहां छपरौली का ही 60 वर्षीय सुरेंद्र और मुजफ्फरनगर के चरथावल निवासी उनका दामाद 35 वर्षीय रोबिन मजूदरी कर रहे थे। गुरुवार शाम अचानक मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। हादसे में सुरेंद्र, रोबिन के साथ कस्बे का ही मजदूर 26 वर्षीय कल्लू मलबे में दब गया। हादसे में तीनों की मौत हो गई थी। मृतक सुरेंद्र के बेटे गोविंद की तहरीर पर मकान मालिक परवेज और जुबैर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
परिजनों का प्रदर्शन
शुक्रवार को भी जब आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने छपरौली थाने का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के आश्रितों को उचित आर्थिक सहायता, सरकारी सहायता और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया और अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने तथा आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिलाया। आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद तीनों शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं शवों के अंतिम संस्कार के दौरान प्रशासन सतर्क रहा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को पीएसी समेत बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात रहा। इस संबंध में सीओ अंशु जैन का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं。
मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता
एसडीएम बालकृष्ण सिंह ने बताया कि मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता (मुआवजा) देने का आश्वासन भी दिया गया है। इसके अलावा मृतक सुरेंद्र सिंह किसान भी था तो उसे सभी दस्तावेज जांच के बाद किसान सहायता राशि भी दी जाएगी।


