मढ़ी के लिए जुटाए 50 हजार और पिल्ला लूट ले गए बदमाश
फैजगंज बेहटा में रात को तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर साधु बाबा आराम नाथ से 50 हजार रुपये और कुत्ते का पिल्ला लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, और आरोपियों के घर जाकर हंगामा किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फैजगंज बेहटा,हिटी। रात में तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने 50 हजार रुपये और कुत्ते का पिल्ला लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष आरोपी के घर पहुंचा, जहां हंगामा हुआ। इसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मुंडिया और मोकमपुर के बीच जंगल में स्थित बाबा की मढ़ी का है। मूल रूप से कासिमनगला, रामपुर निवासी बाबा आराम नाथ यहां झोपड़ी डालकर अपने शिष्य पारस नाथ के साथ रहते हैं। बाबा आराम नाथ ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मढ़ी का निर्माण कराने के लिए उन्होंने लोगों से मांगकर 50 हजार रुपये चंदा जुटाया था।
रात करीब 11 बजे तीन बदमाश झोपड़ी में घुस आए और दोनों साधुओं की गर्दन पर भाला रख दिया। जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने चंदे के रुपये लूट लिए। जाते समय तलवार से रस्सी काटकर कुत्ते का पिल्ला भी साथ ले गए।बाबा आराम नाथ के मुताबिक तीन बदमाशों में से उन्होंने एक को पहचान लिया। पहचान वाला आरोपी पहले मढ़ी पर आता-जाता था और उसे चंदे के रुपयों की जानकारी थी। घटना के बाद रात में 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। दो अक्टूबर की सुबह बाबा परिचितों और ग्रामीणों के साथ आरोपी के घर पहुंच गए। वहां हंगामा हुआ और वीडियो भी सामने आया। बाबा ने बताया कि परिवार वालों ने रुपये और पिल्ला वापस करने की बात कही, फिर दो घंटे का समय मांगा और बाद में शाम पांच बजे तक का समय देने लगे। इसके बाद बाबा ने तहरीर देकर कार्रवाई और रकम व पिल्ला बरामद कराने की मांग की।

