कांवड़ मार्ग पर फिसली बाइक, तीन शिवभक्त घायल
मंगलवार सुबह हरिद्वार से लौटते समय एक बाइक अटेरना पुल के निकट फिसल गई, जिससे तीन शिवभक्त घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी सरधना में भर्ती कराया, जहां से दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सभी की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

मंगलवार सुबह हरिद्वार से जल लेकर दिल्ली लौट रहे शिवभक्तों की बाइक अटेरना पुल के निकट अचानक फिसल गई। इस दौरान तीन शिवभक्त घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचा के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी अभय पुत्र प्रवीण अपने साथी विनय और आकांक्षा के साथ हरिद्वार से बाइक पर गंगाजल लेकर दिल्ली शिवालय की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह सरधना क्षेत्र में अटेरना गंगनहर पुल के पास पहुंचे तो अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में तीनों शिवभक्त घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को आनन-फानन में एंबुलेस की मदद से सीएचसी सरधना में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने दो की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्प्ताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि बाइक फिसलने से हादसा हुआ था। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सभी की हालत फिलहसल सामान्य है।


