ई-रिक्शा से 25 लीटर कच्ची शराब बरामद
बलरामपुर में तुलसीपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा से 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अवैध शराब और बिना नंबर के ई-रिक्शा को जब्त कर दिया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बलरामपुर। तुलसीपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा से अवैध कच्ची शराब की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25 लीटर कच्ची शराब बरामद किया और बिना नंबर का ई-रिक्शा बरामद कर सीज कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि जरवा रोड स्थित नकटी नाला पुल पर चेकिंग के दौरान एक ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसमें सवार तीनों युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी में ई-रिक्शा की डिग्गी से 50 पाउच (करीब 25 लीटर) अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विरेन्द्र, विनोद उर्फ फरेठा और रंजीत वर्मा निवासी थाना तुलसीपुर क्षेत्र के रूप में हुई है। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को न्यायालय भेज दिया।


