लारेंस की पत्नी बता धमकी देने वाली महिला बाउंसर जयपुर से गिरफ्तार
शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की तेरहवीं के दौरान लॉरेंस और गोगी गिरोह पर कार्रवाई की मांग करने पर मुकुल चौधरी और यू-ट्यूबर नीरज को जान से मारने की धमकी मिली। महिला ने लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी होने का दावा किया। पुलिस ने उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।

शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की रस्म तेरहवीं के दौरान लॉरेंस और गोगी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करना अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी और यू-ट्यूबर नीरज को भारी पड़ने की धमकी मिली। खुद को लारेंस बिश्नोई की पत्नी बता दोनों को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाली महिला को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। महिला खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताती है। पुलिस के सामने भी उसका कहना था कि वह पिछले आठ साल से लॉरेंस को अपना पति मानती है, हालांकि आज तक उससे आमने-सामने मुलाकात नहीं हुई। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि नौ सितंबर कोअखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी ने प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाली महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। मुकुल ने अंकित की तेरहवीं के दौरान हत्याकांड में लॉरेंस और गोगी गिरोह से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की मांग की थी। इसी बात से महिला नाराज थी। यू-ट्यूबर नीरज को भी इसी मामले में धमकाया गया था। एसपी ने बताया कि इस पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की गयी। जांच में पुलिस को पता चला कि महिला ने सोशल मीडिया पर नीरज के वीडियो देखे थे। उसका आरोप था कि वीडियो में मुकुल चौधरी ने लॉरेंस के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद उसने सोशल मीडिया के जरिए नीरज का मोबाइल नंबर हासिल किया और फोन कर मुकुल तथा नीरज दोनों को धमकाया। इसकी जांच की गयी तो महिला की पहचान बिहार के बक्सर निवासी बिंदु देवी के रूप में हुई है। वह फिलहाल जयपुर के विजयनगर में रह रही थी और मॉल समेत अन्य स्थानों पर बाउंसर का काम करती थी। पुलिस ने उक्त महिला को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है。
पति से तलाक होने के बाद महिला आठ साल से लारेंस को मानती है पति
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि पति से तलाक होने के बाद से वह लॉरेंस को अपना पति मानती है। उसने दावा किया कि करीब आठ साल से वह इसी धारणा के साथ रह रही है, लेकिन आज तक लॉरेंस से उसकी मुलाकात नहीं हुई। महिला ने यह भी कहा कि लॉरेंस के बारे में किसी ने गलत बात कही तो वह खुद उसका बदला लेगी। प्रेसवार्ता के दौरान महिला लॉरेंस का बचाव करती नजर आई। उसका कहना था कि यदि लॉरेंस ने कोई अपराध किया है तो पुलिस उसे कानून के तहत सजा दे, लेकिन लोगों को उसके बारे में गलत बोलने का अधिकार नहीं है। पुलिस अब धमकी देने के पीछे महिला की वास्तविक मंशा और सोशल मीडिया पर लॉरेंस से जुड़े उसके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।

