सिविल कोर्ट को जिलेटिन बम से उड़ाने की धमकी
सिविल कोर्ट को जिलेटिन बम से उड़ाने की धमकी रजिस्ट्रार लखनऊ हाईकोर्ट की मेल पर दी गई धमकी

सिविल कोर्ट को सोमवार दोपहर छह जिलेटिन बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरा मेल हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के रजिस्ट्रार की मेल आईडी पर आया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग और बम स्क्वॉड दस्ते की मदद से करीब दो घंटे तक परिसर में चेकिंग की गई। कोई भी संदिग्ध वस्तु न मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। धमकी भरा मेल सोमवार दोपहर 12 बजकर 16 मिनट 48 सेकेंड पर हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के रजिस्ट्रार की अधिकारिक मेल आईडी पर आया। मेल में लिखा था कि जल्द से जल्द सिविल कोर्ट परिसर को खाली करा लें। सिर्फ बिल्डिंग का नुकसान करना है। छह जिलेटिन बम से विस्फोट किया जाएगा। कोर्ट से सूचना मिलते ही एसीपी चौक शुभम कुमार के निर्देश पर इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंचे। डाग व बम स्क्वॉड दस्ता बुलाया गया। कोर्ट परिसर के सभी कक्षों, पार्किंग व बरामदे में सघन चेकिंग अभियान चला। हैंड हेल्ड डिटेक्टर से फर्नीचर के नीचे चेकिंग की गई। हालांकि कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और कोर्ट कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी ने बताया कि कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। धमकी भरा मेल प्रबाजानी लखनवी की आईडी से आया था। उसके बारे में तफ्तीश की जा रही है। साइबर क्राइम सेल को जांच में लगाया गया है। इस संबंध में मुकदमा भी अज्ञात के खिलाफ लिखा जा रहा है। पूर्व में भी कई बार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। उस मामले में भी वजीरगंज थाने में मेल आईडी के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.
मेल में पैगम्बर मोहम्मद साहब का अपमान करने का आरोप
धमकी प्रबाजानी लखनवी की मेल से दी गई थी। मेल में लिखा गया कि दुर्गा स्टालिन ने शिया मुसलमानों की मदद से पैगम्बर मोहम्मद का अपमान किया। इस लिए जल्द ही आपके कोर्ट, जज रूम में छह जिलेटिन बम फोडेंगे। हम सिर्फ प्रापर्टी का नुकसान चाहते हैं।
कोट :
धमकी प्रबाजानी लखनवी की मेल आईडी से आई थी। मेल पर रजिस्टर्ड नंबर और आईपी एड्रेस के बारे में तफ्तीश की जा रही है। मेल किसने की इसका पता लगाया जा रहा है। जांच में साइबर क्राइम सेल को भी लगाया गया है।
शुभम कुमार, एसीपी चौक


