डीसी ऑफिस, कोर्ट और स्कूलों को मिला धमकी भरा ई-मेल
खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखने की धमकी डीसी ऑफिस, कोर्ट और स्कूलों को मिला धमकी भरा ई-मेल

गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। जिला उपायुक्त, एडीसी, कोर्ट की बार एसोसिएशन और शहर के दो प्रमुख निजी स्कूलों को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। ईमेल में स्कूलों में वंदे मातरम का गायन बंद करने और खालिस्तान जिंदाबाद बोलने की चेतावनी दी गई थी। ऐसा न करने पर 15 अगस्त तक स्कूलों में बम धमाके करने की धमकी दी गई। ईमेल सुबह लगभग 8:20 बजे भेजा गया था। सुबह करीब साढ़े दस बजे जैसे ही अधिकारियों ने अपना इनबॉक्स देखा, तुरंत हड़कंप मच गया और पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमों, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और परिसर में कई घंटे तक जांच की गई。
लघु सचिवालय, कोर्ट और स्कूलों में चला गहन जांच अभियान
पुलिस की टीमों ने तुरंत डीसी कार्यालय (लघु सचिवालय), जिला अदालत परिसर और श्री राम स्कूल व हेरिटेज स्कूल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और सघन जांच-पड़ताल के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली।
ईमेल में कई जगह धमाकों की धमकी और समय सीमा
धमकी भरे इस ईमेल में लिखा गया था कि गुरुग्राम डीसी ऑफिस में दोपहर 3:11 बजे, स्कूलों में 1:11 बजे, हरियाणा कोर्ट में 2:11 बजे और दिल्ली स्थित संसद में 4:11 बजे धमाके किए जाएंगे। साथ ही चार अगस्त तक भारतीय संसद में धमाके करने की चेतावनी दी गई। ईमेल के अंत में खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से दो व्यक्तियों गुरअंक सिंह और रुकन शाहवाला के नाम लिखे हुए थे।
बार एसोसिएशन ने घोषित किया नो वर्क, खाली कराया गया कोर्ट
बार एसोसिएशन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी मिलने के बाद वकीलों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर बार एसोसिएशन ने तुरंत नो वर्क का ऐलान करते हुए सभी अधिवक्ताओं से अदालत परिसर खाली कर सुरक्षित घर लौटने की अपील की। इसके साथ ही न्यायाधीशों से मामलों में अगली तारीख देने का अनुरोध किया गया।
अन्य स्कूलों में शनिवार को जांच की संभावना
शुक्रवार को शहीद उधम सिंह जयंती के उपलक्ष्य में अधिकांश स्कूलों में अवकाश था। खुफिया विभाग के सूत्रों के अनुसार, आशंका है कि यह ईमेल शहर के कई अन्य निजी स्कूलों को भी भेजा गया है। शनिवार को स्कूल खुलने पर ईमेल चेक होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया था, जहां स्थिति सामान्य पाई गई है। साइबर सेल की मदद से ईमेल के आईपी एड्रेस और स्रोत का पता लगाकर आरोपी को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


