भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 1.30 लाख के करीब, 1 मई से 94000 नए पॉजिटिव केस

एजेंसी नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

भारत में शनिवार को कोविड-19 के करीब छह हजार नए मरीज सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1.30 लाख के करीब पहुंच गई है। पिछले एक महीने में करीब एक लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए और तीन हजार से अधिक...

the number of    ovid-19 patients in india reached close to 1 3 lakh  file photo

भारत में शनिवार को कोविड-19 के करीब छह हजार नए मरीज सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1.30 लाख के करीब पहुंच गई है। पिछले एक महीने में करीब एक लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए और तीन हजार से अधिक लोगों की इसके कारण जान गई। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिले आंकड़ों के मुताबिक इस सप्ताह नए मामलों में तेजी आई है और प्रतिदिन औसतन 5,500 नए मामले सामने आ रहे हैं तथा 160 लोगों की मौत हो रही है। इनमें से भी बड़ी संख्या उन प्रवासी कामगारों और छात्रों की है जो विभिन्न राज्यों से विशेष रेलगाड़ी और बसों के जरिये अपने गृह प्रदेश आ रहे हैं। 

सिक्किम में कोविड-19 का पहला मामला सामने आया है। यहां पर दिल्ली से लौटे 25 वर्षीय छात्र के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण का पहला मामला 30 जनवरी को आया था किंतु तब से अब तक सिक्किम इसके संक्रमण से पूरी तरह मुक्त था। 

विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए संचालित विशेष उड़ानों से आ रहे लोगों में भी कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। इसके मद्देनजर कई राज्यों ने सोमवार को आम लोगों के लिए शुरू हो रही घरेलू विमान सेवा से संक्रमण बढ़ने की आशंका को लेकर अपनी चिंता से अवगत कराया है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि कुछ राज्य उड़ानों को बहाल करने की तारीख को टालना चाहते हैं, लेकिन इस तरह की कुछ आशंकाएं आने की उम्मीद हमें पहले से थी और केंद्र सरकार उनकी चिंताओं को दूर करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि खासी संख्या में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अगस्त से पहले बहाल किया जाना चाहिए। 

यह भी पढ़ें- सिक्किम में सामने आया कोविड-19 का पहला मामला, दिल्ली से लौटा था छात्र

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार (23 मई) को सुबह दी गई जानकारी के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे (शुक्रवार सुबह आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक)में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 6,654 नए मामले सामने आए जिसके साथ शनिवार को संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,25,101 पर पहुंच गए। इस अवधि में 137 मरीजों की मौत हुई और मृतक संख्या बढ़कर 3,720 हो गई।

हालांकि, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर शनिवार रात नौ बजकर 25 मिनट पर पीटीआई-भाषा द्वारा तैयार तालिका के अनुसार देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,28,840 और कुल मृतकों की संख्या 3,782 हो गई है। इसके अनुसार अब तक 54,000 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि 71,000 से अधिक लोग उपचाराधीन हैं।  

भारत इस समय दुनिया में कोरोना वायरस से सर्वाधित संक्रमित 11 वां देश है। किंतु इसके उपचाराधीन मरीजों की संख्या स्पेन, इटली, जर्मनी, तुर्की और ईरान सहित शीर्ष दस संक्रमित देशों में से कुछ देशों से अधिक है। भारत संक्रमितों लोगों की संख्या के मामले में ईरान को पीछे छोड़ने की ओर तेजी से अग्रसर है जहां कुल संक्रमितों की संख्या करीब 1.33 लाख है। 

चीन में पिछले साल कोरोना वायरस से संक्रमण का पहला मामला आने के बाद से अब तक दुनिया में 52 लाख से अधिक लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं जबकि 3.38 लाख अपनी जान गंवा चुके हैं। इस दौरान 20 लाख लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं। चीन में शनिवार को कोविड-19 का एक भी मामला सामने नहीं आया। हालांकि, हाल के सप्ताह में लॉकडाउन में ढील के बाद कई देशों में संक्रमण के नये मामलों में वृद्धि हुई है। 

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में कोरोना के मामले 47 हजार पार,मुंबई में 28 हजार से ज्यादा

भारत में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन 25 मार्च से लागू है और यह 31 मई तक जारी रहेगा। हालांकि, 18 मई को शुरू लॉकडाउन के चौथे चरण में कई छूट दी गई है। इसके अलावा सोमवार को घरेलू विमान सेवा भी चरणबद्ध तरीके से शुरू होने जा रही है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वी के यादव ने शनिवार को बताया कि एक मई से चलाई जा रही श्रमिक विशेष रेलगाड़ियों से अब तक देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे 36 लाख प्रवासी कामगारों को उनके गृह प्रदेश पहुंचाया गया है। 

उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों में 36 लाख और प्रवासी कामगारों को गंतव्य स्थल तक पहुंचाने के लिए 2,600 रेलगाड़ियों का परिचालन किया जाएगा। कोविड-19 के आंकड़ों के मुताबिक एक मई से अबतक 94 हजार नये मामले सामने आए हैं और 2,600 से अधिक लोगों की मौत हुई है। जब से स्वास्थ्य मंत्रालय ने आंकड़ों को सुबह जारी करना शुरू किया है तब से 35 हजार नये मामले सामने आए हैं जबकि 1,147 लोगों की मौत हुई है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 अप्रैल से गत एक महीने में एक लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं और करीब 3,000 लोगों की मौत हुई है। 24 अप्रैल को भारत में कोविड-19 के करीब 23,500 मामले थे और 723 लोगों ने जान गंवाई थी। कोरोना वायरस से महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। इसके अलावा गुजरात, दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान उन राज्यों में शामिल है जहां सबसे अधिक मामले आ रहे हैं। 

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 1.30 लाख के करीब,23 दिन में 94000 केस