खुरई में पुलिस ने मारा छापा, नहीं मिली फर्जी महिला डाक्टर
ललितपुर में अमेरिका के टेक्सास निवासी बहनोई अभिनव सिंह और उसकी पत्नी लवीना सिंह पर फर्जी चिकित्सक होने का आरोप है। लवीना को हाल ही में जमानत मिली थी, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने का प्रयास तेज कर दिया है। यह मामला गिरोहबंद और समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

ललितपुर। अमेरिका स्थित टेक्सास निवासी बहनोई और बहन की पहचान, डिग्रियों के सहारे चिकित्सक बने पति व पत्नी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद जमानत पर रिहा फर्जी महिला चिकित्सक को कोतवाली सदर पुलिस दबोचने के प्रयास में जुट गयी। बीते रोज पुलिस टीम ने मप्र के खुरई स्थित आवास पर छापेमारी की लेकिन वह मौके पर नहीं मिली। अमेरिका स्थित टेक्सास निवासी डा. सोनाली सिंह के शिकायती पत्र के आधार पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामनरेश सोनी ने तालाबपुरा निवासी अभिनव सिंह के खिलाफ दिसंबर 2025 में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके मुताबिक इंजीनियर अभिनव सिंह अपने बहनोई डा. राजीव गुप्ता की पहचान और डिग्रियों के सहारे तीन वर्षों तक जिला चिकित्सालय की एनसीडी सेल व मेडिकल कालेज में नौकरी करता रहा।
इससे पहले भी उसने विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में बतौर चिकित्सक नौकरी की थी। अभिनव सिंह को जेल भेजने के बाद जांच में जुटी पुलिस के हाथ इसकी पत्नी लवीना सिंह का भी फर्जीवाड़ा हाथ लगा था। यह महिला भी अपनी नदद की डिग्रियों का इस्तेमाल करके बीना रिफाइनरी सहित कई सरकारी संस्थानों में चिकित्सक के पद पर कार्यरत रही। इसके बाद पुलिस ने इस महिला को भी गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। कुछ ही दिनों पूर्व लवीना सिंह को न्यायालय से जमानत मिल गयी थी। जनपद के इस बहुचर्चित मामले में बीते दिनों कोतवाली सदर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके इनकी संपत्तियों का ब्यौरा तैयार करना शुरू कर दिया है। गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद जमानत पर चल रही फर्जी महिला चिकित्सक लवीना सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। कोतवाली सदर पुलिस ने मध्य प्रदेश के खुरई स्थित इस फर्जी चिकित्सक के आवास पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। कोतवाली सदर प्रभारी अनुराग अवस्थी के मुताबिक जमानत पर चल रही महिला की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


