कुलगाम में आतंकियों ने श्रमिकों पर बरसाईं गोलियां, एक की मौत
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में संदिग्ध आतंकवादियों ने एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों पर गोलियां चलाईं। हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है। यह 10 दिन में दूसरा आतंकवादी हमला है।

श्रीनगर, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में संदिग्ध आतंकवादियों ने शुक्रवार को एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों पर गोलियां बरसा दीं। आतंकी हमले में एक की जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना देर शाम कुलगाम जिले के केलम इलाके में एक ईंट भट्ठे पर हुई। यहां दो संदिग्ध आतंकी पहुंचे और भट्ठे पर काम करने वाले दूसरे राज्यों के श्रमिकों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक श्रमिक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पहले जीएमसी अनंतनाग और फिर एसकेआईएमएस सौरा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी दीपक रात्रे (24) के तौर पर हुई है। वहीं घायल का नाम भूपेंद्र निवासी छत्तीसगढ़ बताया गया है। अस्पताल में घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, हमले के बाद पुलिस, सेना और सुरक्षाबलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके में घेराबंदी और तलाशी का एक बड़ा अभियान शुरू किया है.
10 दिन के भीतर दूसरा हमला
जम्मू-कश्मीर में 10 दिन के भीतर यह इस तरह का दूसरा आतंकी हमला है। इससे पहले अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी आशिक हुसैन कुरैशी को आतंकी ने गोली मार दी थी। इस घटना के बाद 3000 से अधिक संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं।
बाहरी श्रमिक पहले भी बनाए गए निशाना
जम्मू-कश्मीर में बाहरी राज्यों से काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को पहले भी निशाना बनाया गया है। सात फरवरी 2024 को श्रीनगर के शहीदगंज इलाके में एक आतंकवादी ने पंजाब के रहने वाले अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।


