मुख्यमंत्री पर अपमानजनक टिप्पणी में वाईएसआरसीपी का प्रवक्ता हिरासत में
तेलंगाना पुलिस ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के मामले में वाईएसआरसीपी के प्रवक्ता नागार्जुन यादव को गुंटूर से हिरासत में लिया। यह कार्रवाई एक वकील की शिकायत पर हुई, जिसमें कहा गया कि यादव ने सोशल मीडिया पर सीएम के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है।

हैदराबाद, एजेंसी। तेलंगाना पुलिस ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ अपमानजक टिप्पणी करने के मामले में रविवार को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से वाईएसआरसीपी (युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी) के एक प्रवक्ता को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई एक वकील की शिकायत के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, इस सबंध में 10 जुलाई को बेगम बाजार पुलिस थाने में वाईएसआरसीपी के प्रवक्ता नागार्जुन यादव और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें सोशल मीडिया पर टेलीविजन बहस का एक वीडियो मिला, जिसमें नागार्जुन यादव ने मुख्यमंत्री के खिलाफ बार-बार अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।
वीडियो में तेलंगाना के मुख्यमंत्री को कई बार फूड डिलीवरी कंपनी का प्रतिनिधि डिलीवरी बॉय कहा गया और कुछ अन्य टिप्पणियां भी की गईं थीं। वकील ने शिकायत में बताया कि इस्तेमाल किए गए शब्दों का मकसद मुख्यमंत्री की छवि खराब करना, तेलंगाना के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना और समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच नफरत, दुर्भावना और असंतोष पैदा करना था। वहीं, पुलिस अधिकारी ने बताया कि यादव को गुंटूर से हिरासत में लेकर शहर लाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


